अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिये जिले के नवागढ़ विकासखण्ड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत अमोरा (महन्त) के हायर सेकेण्डरी स्कूल प्रांगण में कल 20 मई को “जन समस्या निवारण शिविर” का आयोजन किया गया है। जनपद पंचायत नवागढ़ के अमोरा क्लस्टर में अमोरा , सेंदरी , महंत , खैरा , दर्री , घुठिया , चौराभांठा , अंवरीद , चोरभट्ठी , बुड़ेना , जगमहंत , सिऊंड़ , दहिदा , बरबसपुर , सेमरा , तेन्दुआ , गिद्धा , पोंड़ी , कोटिया पंचायतें शामिल है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शिविरों में आम नागरिकों की शिकायतों का मौके पर निराकरण , शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें , ताकि आमजन को तत्काल राहत मिल सके और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचे। वहीं ग्राम पंचायत अमोरा के सरल व्यक्तित्व के धनी युवा सरपंच राकेश कश्यप ने सभी ग्रामवासियों को इस जन समस्या निवारण शिविर में विशेष रूप से शामिल होकर शासन की योजनाओं के लाभ लेने का आह्वान किया है। वहीं कल अमोरा में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में ग्रामीणजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आगमन का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इसके पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस गांव में आये थे और अब सीएम साय को भी नजदीक से देखना चाहते हैं।