स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ होती है नर्स - योगेश तिवारी


सीएचसी नवागढ़ में मनाया गया नर्स डे 

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट 

जांजगीर चाम्पा - जिले के विकासखण्ड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ में आज़ अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान स्टाफ नर्सों ने फ्लोरेंस नाइटिंगल की जयंती पर केक काटकर मरीजों की निस्वार्थ सेवा का संकल्प लिया। इस दौरान योगेश तिवारी (सुपरवाइजर)  ने सभी स्टॉफ नर्सों को नर्सिंग डे की शुभकामनायें देते हुये उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ होती हैं। मरीजों की देखभाल , उपचार और आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा कि नर्सिंग स्टॉफ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण से करता है , जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें मिलती हैं। अस्पतालों में नर्सों की सेवायें केवल उपचार तक सीमित नहीं है , बल्कि मरीजों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें सकारात्मक वातावरण प्रदान करने में भी उनकी अहम भूमिका होती है। कोविड काल सहित विभिन्न स्वास्थ्य आपदाओं में नर्सिंग स्टॉफ का कार्य समाज के लिये अनुकरणीय रहा है। इसी कड़ी में मंजूला आसना ने कहा कि स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र में नर्सिंग कर्मियों के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मान देने के लिये नवागढ़ पीएचसी की नर्सों ने इस दिन को खास बनाया। नर्सों का चौबीस घंटे का समर्पण मरीजों के लिये अमूल्य है , यह दिवस स्वास्थ्य क्षेत्र के चिकित्सा कार्यों में नर्सों के महत्व को दर्शाता है। वहीं चेतना साहू ने नर्सिंग डे पर विस्तृत प्रकाश डालते हुये कहा कि लेडी विद लैंप के नाम से मशहूर फ्लोरेंस नाइटिंगेल एक महान नर्स थीं , जिसने अपना पूरा जीवन लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया। उनका जन्म 12 मई 1820 को इटली में हुआ था। एक समृद्ध परिवार से होने के बावजूद उन्होंने लोगों की सेवा के लिये नर्सिंग का पेशा अपनाया। वर्ष 1854 में क्रीमिया युद्ध के दौरान उन्होंने दिन-रात बिना रुके सेवा की। वह घायलों को देखने के लिये रात को एक लैंप लेकर निकलती थीं। इसी कारण उन्हें लेडी विद लैंप के नाम से जाना जाने लगा। उनका समर्पण आज भी नर्सों के लिये प्रेरणा का स्रोत है। इस अवसर पर मौजूद अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी नर्सिंग स्टाफ के कार्यों की प्रशंसा की और उन्हें स्वास्थ्य व्यवस्था का अभिन्न अंग बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को नर्सिंग डे की शुभकामनायें दीं और बिना किसी भेदभाव के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। इस दौरान स्टॉफ नर्स मंजूला आसना , शैलप्रभा केशरवानी , सरस्वती चौहान , चेतना साहू ,कविता सिदार , वर्षा साहू , हिमानी साहू , सर्वजीत सिंह राठौर , नंद कुमार बनर्जी , बहोरिक पंकज ,जलेश , साजिद खान सहित अन्य स्टाफ सदस्य विशेष रूप से उपस्थित थे।

Likesh khunte

Sarangarh News Junction24 सबसे सटिक और सबसे तेज खबरो की अपडेट पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ खबर एवं विज्ञापन लगवाने के लिए संपर्क करे मो.न. 9617761394 - 7440939869

Post a Comment

Previous Post Next Post