विधायक उत्तरी जांगड़े की पहल रंग लाई – कर्मचारियों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा ...



लक्ष्मीनारायण लहरे 
रायपुर/सारंगढ़। प्रदेश के कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा दिलाने की दिशा में सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े की पहल अब सार्थक होती दिखाई दे रही है। विधायक जांगड़े ने 6 अक्टूबर 2025 को माननीय मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राज्य के कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की मांग की थी। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा सत्र 2025 के दौरान इस महत्वपूर्ण विषय को प्रश्न के माध्यम से सदन में भी प्रमुखता से उठाया था।
विधायक जांगड़े ने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि कई कर्मचारी गंभीर बीमारियों के दौरान आर्थिक तंगी के कारण समय पर उपचार नहीं करा पाते, जिससे उन्हें और उनके परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कर्मचारियों के हित में कैशलेस उपचार व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया था, ताकि उन्हें बिना आर्थिक दबाव के त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
अब वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ राज्य बजट 2026-27 में राज्य कर्मचारियों के उपचार हेतु 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस प्रावधान को कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। बजट में की गई यह व्यवस्था हजारों कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को सीधे लाभान्वित करेगी और उन्हें इलाज के दौरान आर्थिक चिंता से मुक्ति दिलाएगी।
विधायक उत्तरी जांगड़े ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रदेश सरकार को इस संवेदनशील एवं सराहनीय निर्णय के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को वे आगे भी मजबूती से उठाती रहेंगी।
प्रदेश के कर्मचारी संगठनों ने भी बजट में किए गए इस प्रावधान का स्वागत किया है और इसे कर्मचारियों के हित में ऐतिहासिक निर्णय बताया है।

Likesh khunte

Sarangarh News Junction24 सबसे सटिक और सबसे तेज खबरो की अपडेट पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ खबर एवं विज्ञापन लगवाने के लिए संपर्क करे मो.न. 9617761394 - 7440939869

Post a Comment

Previous Post Next Post