राजनांदगांव - नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक , राजनांदगांव रेंज बालाजी राव सोमावार (भापुसे.) ने आज राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पद का विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक शुभकामनायें दी गईं। पदभार ग्रहण उपरांत आईजी बालाजी राव सोमावार द्वारा उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया गया तथा राजनांदगांव रेंज की कानून-व्यवस्था , अपराध नियंत्रण , जनसुरक्षा एवं समग्र पुलिसिंग व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील , निष्पक्ष एवं प्रभावी पुलिसिंग ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिये। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव द्वारा बेसिक और विजिबल पुलिसिंग को प्राथमिकता देने व रात्रि गश्त , वीआईपी व्यवस्था , कानून व्यवस्था निगरानी , गुण्डा बदमाशों की सतत निगरानी एवं चेकिंग , जुआ सट्टा की रोकथाम एवं शिकायत पर त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देश दिये गये। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय समन्वय , अनुशासन एवं कार्यकुशलता को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक केसीजी लक्ष्य शर्मा , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक , एआईजी गीता वाधवानी , नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन , नगर पुलिस अधीक्षक एलेक्सजेंडर किरो , नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज , उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के.पी. मरकाम , रक्षित निरीक्षक लोकेश कुमार कसेर सहित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।