चार विकेट से जीता दक्षिण अफ्रीका , सीरीज बराबरी पर


अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट 

रायपुर - टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। जहां पर टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुये 50 ओवरों में 05 विकेट गंवाकर 358 रन बनाये। जिसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 04 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसी के साथ सीरीज 1-1 से बराबरी पर आ गया है। साउथ अफ्रीका के टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले के बाद भारतीय टीम ने ऋतुराज गायकवाड़-विराट कोहली और कप्तान केएल राहुल की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 50 ओवर में 05 विकेट पर 358 रन बनाकर साउथ अफ्रीका को जीत के लिये 359 रनों का लक्ष्य दिया। भारत के लिये ऋतुराज गायकवाड़ ने 105 और विराट कोहली ने 102 रन की शतकीय पारी खेली। इनके अलावा कप्तान केएल राहुल ने 66 और जडेजा ने नाबाद 24 रन का योगदान दिया।‌वहीं रोहित शर्मा (14 रन) और यशस्वी जायसवाल (22 रन) सस्ते में आउट हो गये , लेकिन कोहली और ऋतुराज ने तीसरे विकेट के लिये 195 रनों की साझेदारी कर भारत की वापसी कराई। ऋतुराज ने अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाया और इसके बाद कोहली ने भी अपने वनडे करियर का 53वां शतक जड़ा। दोनों ही बल्लेबाज शतक लगाने के बाद ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। इसके बाद केएल राहुल और जडेजा ने अंतिम ओवरों में दमदार बल्लेबाजी की जिससे भारत का स्कोर 350 के पार पहुंचा। साउथ अफ्रीका के लिये गेंदबाजी में मार्को जानसेन को दो , नांद्रे बर्गर और लुंगी एनगिडी को एक - एक सफलता मिली। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका के लिये सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने 98 गेंदों में 110 रनों की पारी खेली , वहीं कप्तान टेम्बा बावुमा ने भी अहम 46 रन जोड़े। नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने उतरे मैथ्यू ब्रीट्ज़के ने 68 रन तो वहीं डेवाल्ड ब्रेविस ने 54 रनों की तूफानी पारी खेली। क्विंटन डी कॉक और मार्को यानसेन इस मैच में फेल हो गये। अंत में कॉर्बिन बॉश ने 15 गेंदों में 29 रनों की छोटी लेकिन अहम पारी खेलकर अपनी टीम को 04 विकेट से विजयी बना दिया। टीम इंडिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट इतिहास में ये दक्षिण अफ्रीका की सबसे बड़ी जीत है। टीम इंडिया के लिये अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो - दो विकेट अपने नाम किया।

इंडिया टीम इलेवन - रोहित शर्मा , यशस्वी जायसवाल , विराट कोहली , ऋतुराज गायकवाड़ , केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर) , वॉशिंगटन सुंदर , रवींद्र जडेजा , कुलदीप यादव , हर्षित राणा , अर्शदीप सिंह , प्रसिद्ध कृष्णा। 

दक्षिण अफ्रीका टीम इलेवन -क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर) , एडेन मार्करम , तेम्बा बावुमा (कप्तान) , डेवाल्ड ब्रेविस , मैथ्यू ब्रिट्ज़के , टोनी डी जॉर्जी , मार्को यानसेन , कॉर्बिन बॉश , केशव महाराज , नांद्रे बर्गर , लुंगी एनगिडी।

Likesh khunte

Sarangarh News Junction24 सबसे सटिक और सबसे तेज खबरो की अपडेट पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ खबर एवं विज्ञापन लगवाने के लिए संपर्क करे मो.न. 9617761394 - 7440939869

Post a Comment

Previous Post Next Post