जांजगीर चाम्पा - जिले के नवागढ़ विकासखण्ड के ग्राम अमोरा ( महंत) में आज मां अष्टभुजी दुर्गा समिति के द्वारा विगत बाईस वर्षों की भांति इस वर्ष भी गांव के मुख्य सागर तालाब में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मां दुर्गा की सात फिट प्रतिमा स्थापित की गई है। आचार्य पं० विश्राम प्रसाद पाण्डेय एवं सह आचार्य पं० मणिशंकर दुबे द्वारा मुख्य यजमान श्रीमति महालक्ष्मी योगेश तिवारी के माध्यम से वैदिक विधि से प्राण प्रतिष्ठा का पूजा सम्पन्न कराया गया। समिति के संचालक जितेन्द्र तिवारी ने बताया कि समिति एवं ईष्ट मित्रों के सौजन्य से दुर्गोत्सव या यह तेईसवां वर्ष है। हर वर्ष यहां श्रद्धालुओं का उत्साह और सहभागिता बढ़ती ही जा रही है। तालाब के आसपास रंग रोगन के साथ ही आर्कषक तरीके की लाइटिंग की व्यवस्था श्री राम टेन्ट हाऊस के सौजन्य से की गई है। नवरात्रि के पहले दिन आज घटस्थापना के साथ ही गांव भक्ति और उल्लास की ध्वनियों से गूंज उठा। मां के जयकारों और वेदमंत्रों की पवित्र गूंज ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जसगीत कार्यक्रम में मां दुर्गा की भक्ति का रसपान कराया जायेगा। भक्तगण मां के चरणों में आराधना कर अपने जीवन में सुख - समृद्धि और मंगल की कामना करेंगे। आगे उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे इस पावन अनुष्ठान में सम्मिलित होकर श्रद्धा और भक्ति का संचार करें।