पुरी पीठ ने किया स्वास्थ्य एवं स्वच्छता शिविर का आयोजन


अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

जगन्नाथपुरी - ऋग्वेदीय पूर्वाम्नाय श्रीगोवर्द्धनमठ पुरीपीठाधीश्वर अनन्तश्री विभूषित श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य पूज्यपाद स्वामी श्रीनिश्चलानन्द सरस्वतीजी महाराज के सानिध्य में श्रीगोवर्द्धनमठ पुरी पीठ में विभिन्न सेवा प्रकल्प संचालित है। जिसमें श्रीगोवर्द्धन गोशाला , नि:शुल्क औषधालय , वेद पाठशाला आदि प्रमुख है , साथ ही आदित्यवाहिनी की सेना रथयात्रा आदि समारोह में विभिन्न सेवाकार्य भी संपादित करती है। इसी तारतम्य में आज साक्षी गोपाल मंदिर परिसर , पुरी ओड़ीशा में एक दिवसीय स्वास्थ्य एवं स्वच्छता शिविर का आयोजन हुआ। जिसमें स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत एक्युप्रेशर , योग ( आयुर्वेद) , फिजिओथेरेपी , आशु चिकित्सा तथा आर्थोपेडिक विशेषज्ञों द्वारा शिविर में उपस्थित जनों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गयी। इसी कड़ी में पुरी शंकराचार्यजी के सेनाओं में शामिल कारपेंटर , पेंटर ,  प्लम्बर , इलेक्ट्रिशियन , राजमिस्त्रियों ने स्वच्छता कार्यक्रम के अंतर्गत मन्दिर परिसर की साफ सफाई एवं स्वच्छता का अभियान चलाया गया। बताते चलें पुरी शंकराचार्यजी के निर्देशानुसार राष्ट्रोत्कर्ष अभियान के अन्तर्गत सनातन - धर्म के दुर्ग मठ - मन्दिरों को सेवा - शुचिता - स्वच्छता - सुन्दरता - पवित्रता - स्वास्थ्य - शिक्षा - सुरक्षा - अर्थ - शील - सुमति - शक्ति - स्नेह तथा संस्कृति से सम्पन्न व्यक्ति तथा समाज की संरचना के संस्थान बनाकर तद्वत सम्बद्ध  क्षेत्र को सुसंस्कृत , सुरक्षित और स्वावलम्बी बनाने की भावना से पीठपरिषद् अन्तर्गत आदित्यवाहिनी - आनन्दवाहिनी पुरी शाखा के द्वारा इस एकदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर आदित्यवाहिनी से उड़ीसा अध्यक्ष मातृ प्रसाद मिश्रा , उपाध्यक्ष ब्रह्माचारी सुयश एवं रघुनाथ महंत , सुरेश चौधरी , बाहु बलेन्द्र मलिक , सागर मोहंती ,  आदित्य साहू , सुनील पटनायक , इंजी राकेश साहू , पूर्णचंद्र मिश्र , अजय लैंका , सौम्य रंजन स्वाईं , आनन्दवाहिनी से आराधना महापात्र एवं मीना झा सहित आदित्यवाहिनी के साठ सदस्यों और साक्षी गोपाल मंदिर से आलोक खुंटिया और श्याम भाई ने सहयोग किया। यहां आयोजित स्वास्थ्य शिविर में दो सौ से अधिक उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। पुरी पीठ ने सभी प्रान्तीय इकाईयों से अपने - अपने क्षेत्रों में इस प्रकार के अभियान चलाकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

Likesh khunte

Sarangarh News Junction24 सबसे सटिक और सबसे तेज खबरो की अपडेट पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ खबर एवं विज्ञापन लगवाने के लिए संपर्क करे मो.न. 9617761394 - 7440939869

Post a Comment

Previous Post Next Post