अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट बलौदाबाजार भाटापारा - मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को थाना पलारी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार "ऑपरेशन विश्वास" के तहत थाना पलारी पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों , अवैध महुआ शराब बनाने वाले , जुआ सट्टा एवं मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले अंवैधानिक तत्वों की धरपकड़ कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को पकड़ा गया है। मुखबिर की सूचना पर आज थाना पलारी से सहायक उप निरीक्षक राजेश सेन , प्रधान आरक्षक अरशद खान , आरक्षक संजय गुप्ता , दीपक कुमार साहू , सुनित कुमार भानु , महिला आरक्षक आशा भारती की पुलिस टीम द्वारा ग्राम रोहांसी सेमरिया रोड टेमरी नाला के पास घेराबंदी कर अवैध मादक पदार्थ गांजा सहित दो आरोपियों को पकड़ा गया है। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों एवं उसके मोटरसाइकिल का सुक्ष्मतापूर्वक निरीक्षण किया गया , जिसमें आरोपियों की मोटरसाइकिल की डिक्की से पैकेट में भरा हुआ अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। तलाशी कार्रवाई पश्चात मिले गांजा का विधिवत तौल कार्यवाही कराया गया , जिसमें कुल 2.139 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा होना पाया गया , जिसे विधिवत जप्त किया गया है। उक्त गांजा का बाजार मूल्य 10,000 रूपये है। साथ ही प्रकरण में आरोपियों से मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एन जेड 8584 भी जप्त किया गया है। प्रकरण में थाना पलारी में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 51/2025 धारा 20 बी एनडीपीएस एक्ट पंजीबद्ध कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करते हुये माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण विवेचना में है।गिरफ्तार आरोपीगण -संजू भारती उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम - रोहांसी , थाना - पलारी और राजकुमारी पारडी उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम - रोहांसी , थाना - पलारी , जिला - बलौदाबाजार भाटापारा (छत्तीसगढ़)।