छग में मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्रियों ने ली शपथ

छग में मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्रियों ने ली शपथ
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर -  राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कुनकुरी विधायक और भाजपा विधायक दल के नेता चुने गये विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह , भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा , आधा दर्जन राज्यों के मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन ने साय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। साय ने ईश्वर की शपथ लेते हुये हिंदी में शपथ ग्रहण किया। सीएम साय के साथ डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा ने भी शपथ ग्रहण किया। अरूण साव पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही लोरमी सीट से विधायक चुने गये हैं , वहीं विजय शर्मा कवर्धा सीट से जीतकर आये हैं। तीनों नेताओं के शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी मंच पर एक कोने से दूसरे कोने तक गये और लोगों का अभिवादन किया।इस दौरान प्रधानमंत्री ने भूपेश बघेल के अलावा मंच पर मौजूद किसी भी नेता से हाथ नही मिलाया। शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर प्रधानमंत्री मोदी की कुर्सी बीच में लगाई गई थी। मंच पर पहुंचते ही मोदी की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने प्रोटोकॉल को तोड़ते हुये खुद की राज्यपाल की कुर्सी बीच में कर दी और स्वयं उनकी बगल में बैठे गये। 
भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान साधु समाज को विशेष उपस्थिति और मंच प्रदान किया गया था। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने किया। शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी , केन्द्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास अठावले ,  उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा , उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी , गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत , त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा , प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और निवर्तमान डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव विशेष रूप से उपस्थित थे। शपथ ग्रहण समारोह पर अतिथियों के पहुंचने से पहले ईश्वर साहू छाये रहे। साहू साजा सीट से पूर्व मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रविंद्र चौबे को हराकर विधायक बने हैं। बृजमोहन और अजय चंद्राकर जैसे वरिष्ठ नेता भी उनके साथ जनता का अभिवादन करते नजर आये। इस शपथ ग्रहण समारोह में हजारों की संख्या में मातृ शक्ति की उपस्थिति रहीं , वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाकर आई थीं। इन महिलाओं में अभूतपूर्व उत्साह छलक रहा था। महिलाओं से पूछने पर इन्होंने बताया कि हम लोग आज खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने संसद में महिलाओं के लिये नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करा महिलाओं की मजबूती का रास्ता तैयार कर दिया है। शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा के साथ मंत्रालय पहुंचे। जहां उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना के बाद पदभार ग्रहण किया। सीएम और दोनों डिप्टी सीएम के मंत्रालय पहुंचने के साथ ही कैबिनेट की बैठक की संभावना जताई जाने लगी थी , लेकिन कैबिनेट की बैठक गुरुवार को होगी। मंत्रालय से निकलते हुये सीएम विष्णुदेव ने मीडिया के सामने जनता सहित सभी का आभार जताया। सीएम ने बताया कि मंत्रालय में पूजा अर्चना किया। गुरुवार कैबिनेट की बैठक होगी। आज सेक्रेटरी की परिचयात्मक बैठक ली और आज कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
पंच से सीएम तक का सफर

छत्तीसगढ़ के कुनकुरी क्षेत्र के कांसाबेल से लगे ग्राम बगिया जिला जशपुर के रहने वाले विष्णुदेव साय पेशे से किसान हैं। इनके पिता का नाम राम प्रसाद साय और माता का नाम श्रीमती जशमनी देवी साय है जबकि इनके जीवन साथी का नाम कौशल्या देवी है। इनका जन्म 21 फरवरी 1964 को हुआ , इनकी रुचि बैडमिंटन , फुटबॉल , किताबें पढ़ना , आदिवासियों का उत्थान और उनके विकास के लिये काम करना , गरीबों की सेवा करना है। इनकी गिनती रमन सिंह के करीबी लोगों में होती है। वर्ष 1989 में अपने गांव बगिया से पंच पद से राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले विष्णुदेव साय 1990 में निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुये थे। इसके बाद तपकरा से विधायक चुनकर 1990 से 1998 तक वे मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। इसके बाद 1999 में वे तेरहवीं लोकसभा के लिये रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुये। इसके बाद भाजपा ने उन्हें वर्ष 2006 में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। इसके बाद वर्ष 2009 में पन्द्रहवीं लोकसभा के लिये हुए चुनाव में वे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से फिर से सांसद बने। इसके बाद 2014 में सोलहवीं लोकसभा के लिये वे फिर से रायगढ़ से सांसद बने। इस बार केंद्र में मोदी की सरकार ने उन्हें केंद्रीय राज्यमंत्री , इस्पात खान , श्रम , रोजगार मंत्रालय का कार्यभार सौंपा। वे 27 मई 2014 से 2019 तक इस पद पर रहे। पार्टी ने 02 दिसंबर 2022 को उन्हें राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया। इसके बाद 08 जुलाई 2023 को भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया। विष्णुदेव साय 2020 में भी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं , सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। विष्णुदेव साय की इसी मजबूत प्रोफाइल की वजह से उन्हें पार्टी ने सबसे बड़ा पद दिया है।

Likesh khunte

Sarangarh News Junction24 सबसे सटिक और सबसे तेज खबरो की अपडेट पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ खबर एवं विज्ञापन लगवाने के लिए संपर्क करे मो.न. 9617761394 - 7440939869

Post a Comment

Previous Post Next Post