एसडीओपी रागिनी मिश्रा ने किया हैलमेट जागरूकता रैली का शुभारंभ


अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट 

धमतरी - राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह - 2026 के अंतर्गत धमतरी जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किये जा रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों एवं शासन के निर्देशानुसार एसपी. धमतरी के मार्गदर्शन में जिले भर में यातायात सुरक्षा से संबंधित विविध गतिविधियाँ संचालित की जा रही है। इसी क्रम में सड़क सुरक्षा रथ को नगर पंचायत अध्यक्ष एवं एसडीओपी. कुरूद द्वारा हरी झंडी दिखाकर हेलमेट जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया था। इस अभियान को आगे बढ़ाते हुये आज थाना कुरूद से हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया , जिसे एसडीओपी. कुरूद द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली थाना कुरूद से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुये संपन्न हुई। रैली में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ-साथ समाजसेवी संगठनों , यातायात एवं शिक्षा विभाग , स्कूली छात्र-छात्राओं , दोपहिया वाहन चालकों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हेलमेट जागरूकता अभियान के दौरान नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी बाध्यता नहीं , बल्कि जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी साधन है। सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु एवं गंभीर चोटों की रोकथाम के लिये हेलमेट का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों से विशेष रूप से अपील की गई कि वाहन चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिये भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। क्योंकि अनेक दुर्घटनाओं में चालक की जान बच जाती है , जबकि पीछे बैठे बिना हेलमेट वाले व्यक्ति को गंभीर चोट अथवा मृत्यु का सामना करना पड़ता है। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “सड़क सुरक्षा -  जीवन रक्षा”, “हेलमेट पहनें - सुरक्षित घर लौटें” तथा “सावधानी हटी -  दुर्घटना घटी” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। उल्लेखनीय है कि धमतरी जिले में वर्ष 2025 के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में वर्ष 2024 की तुलना में 19 प्रतिशत की कमी तथा दुर्घटनाओं में मृत्यु के मामलों में 6.21 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। यह सफलता धमतरी पुलिस द्वारा चलाये जा रहे निरंतर जन-जागरूकता अभियानों , सख्त यातायात कार्यवाही एवं जनता के सहयोग का प्रतिफल है। हाल ही में 31 दिसंबर एवं नववर्ष के अवसर पर नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुये वाहनों की जब्ती की गई है , जिससे दुर्घटनाओं में और अधिक कमी आने की संभावना है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान धमतरी पुलिस यातायात द्वारा पूरे माह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। जिनमें स्कूल-कॉलेजों में कार्यशालायें , जागरूकता रैलियाँ , चालक परामर्श सत्र , वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण शिविर , सड़क सुरक्षा संदेश अभियान एवं यातायात नियम उल्लंघन रोकथाम गतिविधियाँ शामिल हैं। इन सभी कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षित , अनुशासित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना है। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भानु चंद्राकर , एसडीओपी. कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा , नायब तहसीलदार राम सिन्हा , नगर पालिका सीएमओ महेंद्र राज गुप्ता , थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत साहू , यातायात प्रभारी उप निरीक्षक के.आर. साहू सहित यातायात स्टाफ , पुलिस स्टाफ , शिक्षक गण , समाजसेवी , मीडिया प्रतिनिधि , स्काउट-गाइड सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

धमतरी पुलिस की समस्त नागरिकों से अपील -

दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाला दोनों व्यक्ति हेलमेट अवश्य पहनें , नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति ना दें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें , नशे की अवस्था में वाहन ना चलायें और यातायात पुलिस का सहयोग करें।‌ याद रखें - आपकी छोटी - सी सावधानी , आपके परिवार की बड़ी सुरक्षा है। सड़क सुरक्षा अपनायें — सुरक्षित जीवन पायें।

Likesh khunte

Sarangarh News Junction24 सबसे सटिक और सबसे तेज खबरो की अपडेट पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ खबर एवं विज्ञापन लगवाने के लिए संपर्क करे मो.न. 9617761394 - 7440939869

Post a Comment

Previous Post Next Post