उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पामगढ़ और नवागढ़ में किया अटल परिसर का लोकार्पण


अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट 

जांजगीर चाम्पा - जिले के पामगढ़ में आज प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने ऐतिहासिक अटल परिसर का लोकार्पण करते हुये पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल की प्रतिमा राष्ट्रभक्ति , समर्पण और जनसेवा के उनके अमर आदर्शों का प्रतीक है। यह प्रतिमा हमें सदैव राष्ट्र निर्माण और समाजसेवा की दिशा में प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ना केवल एक महान नेता थे , बल्कि वे लोकतंत्र की आत्मा और भारतीयता के प्रतीक थे , जिन्होंने राजनीति में नैतिकता और जनसेवा की नई परिभाषा गढ़ी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता छोटे नगरों और पंचायतों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाना है , ताकि ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों में भी विकास की समान गति बनी रहे। उपमुख्यमंत्री साव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुये कहा कि पामगढ़ जैसे नगरों का तेज़ी से विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है और आने वाले समय में सड़क , स्वच्छता , पेयजल , शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी नई योजनाओं को यहां शीघ्र लागू किया जायेगा। उपमुख्यमंत्री साव ने पामगढ़ नगर में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और सामाजिक समरसता के उनके संदेश को दोहराया। इस अवसर पर उन्होंने नगर के विकास के लिये दो महत्वपूर्ण घोषणायें करते हुये नगर पंचायत भवन निर्माण के लिये एक करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। इसके अलावा पामगढ़ नगर के समग्र विकास कार्यों के लिये अतिरिक्त एक करोड़ रुपये की घोषणा भी की। प्रतिमा के अनावरण और विकास घोषणाओं से पामगढ़ नगर में खुशी का माहौल देखने को मिला। लोगों ने यहां पहुंचते ही उपमुख्यमंत्री का फूलमालाओं और नारों के साथ स्वागत किया। इस दौरान मंच पर पूर्व सांसद कमला पाटले , भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े , जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी , चुन्नीलाल साहू , जनपद अध्यक्ष रंजना जांगड़े और मंडल अध्यक्ष यशवंत साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि , भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसी कड़ी में डिप्टी सीएम साव ने नवागढ़ में भी अटल परिसर का लोकार्पण करते हुये पूर्व प्रधानमंत्री के भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। यहां उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुये उन्होंने मोदी की गारंटी और शासकीय योजनाओं पर विस्तृत प्रकाश डालते हुये नवागढ़ के समग्र विकास के लिये ढाई करोड़ रूपये देने की घोषणा की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े , नवागढ़ ब्लाक अध्यक्ष समर्थ सिंह , नगरपालिका अध्यक्ष अर्चना देवांगन , उपाध्यक्ष निरंजन कोसले , अमोरा मंडी अध्यक्ष खम्हन तिवारी , नवागढ़ मंडल कार्यालय प्रमुख धनंजय तिवारी विशेष रूप से उपस्थित थे।

Likesh khunte

Sarangarh News Junction24 सबसे सटिक और सबसे तेज खबरो की अपडेट पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ खबर एवं विज्ञापन लगवाने के लिए संपर्क करे मो.न. 9617761394 - 7440939869

Post a Comment

Previous Post Next Post