अवैध संबंध के चलते पति ने दोस्त के साथ मिलकर की पत्नी और प्रेमी की हत्या
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायगढ़ - अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक अवस्था में नशे में सोते देख तार से गला घोंटकर दोनों को मौत के घाट उतारने वाले पति सहित उसके दोस्त को लैलूंगा थाना पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी अनुसार गत 11 फरवरी को सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे थाना लैलूंगा पुलिस को घटगांव के ग्रामीणों से सूचना मिली कि गांव की एक महिला श्रीमति नागवंशी उम्र लगभग 35 वर्ष का उसके घर पर और एक अन्य पुरुष संजय नाग उम्र लगभग 28 वर्ष का उसी घर के पास कच्चे रास्ते पर संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा है। सूचना मिलते ही एसपी रायगढ़ दिव्यांग कुमार पटेल द्वारा तत्काल लैलूंगा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े और घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक शरद चंद्रा को साइबर सेल, फॉरेंसिक सीन ऑफ क्राइम यूनिट प्रभारी शत्रुघ्न सिंह श्याम और डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल रवाना किया और स्वयं मामले के अन्वेषण की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे। पंचनामा दौरान ही दोनो महिला पुरुष के गले में लिगेचर मार्क दिख रहे थे , जिससे शुरू से ही दोनो की मृत्यु हत्यात्मक प्रवृत्ति की लग रही थी। मामले की गंभीरता देखते हुये एसपी रायगढ़ दिव्यांग कुमार पटेल स्वयं थाना लैलूंगा पहुंचे और साइबर सेल से मिली जानकारी को जोड़कर संदेहियों से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ शुरू हुई। पूछताछ में आरोपी सुलेचंद नाग ने बताया वह पहले से जानता था कि उसकी गैर मौजूदगी में गांव का संजय नाग उसकी पत्नी से मिलने आता है , इस वजह से गांव में उसे अपने जान पहचान वालों के सामने शर्मिंदा होना पड़ रहा था। गत दिवस दस और ग्यारह फरवरी की दरम्यानी रात जब वह रायगढ़ पूंजीपथरा क्षेत्र से वापस अपने घर आया तब उसका दोस्त शंकर भी साथ था। घर पर अपनी पत्नी को संजय नाग के साथ आपत्तिजनक अवस्था में नशे में सोते देख उसी समय उसने दोनो को मारने का सोचा और शंकर की मदद से पहले संजय को घर में पड़े सफेद रंग की प्लास्टिक तार से गला घोंटकर मार डाला इस दौरान सुलेचंद की पत्नी भी जाग गई और वहीं सहम कर बैठी रही। संजय के बाद उनकी पत्नी को भी एक अन्य काले तार से उसी तरह गला घोंटकर मार डाला जिसके बाद दोनो को अंधेरे में कपड़े पहनाया फिर फंस जाने के डर से संजय को उठाकर बाहर ले गये और बाजू के कच्चे रास्ते में रख दिया। इस दौरान उसके शव को गिराया भी जिस कारण माथे पर चोंट का निशान दिख रहा था। आरोपियों का प्लान घटना को फांसी का स्वरूप देने का था जिसके लिये गांव में अपने लोगों से उन्होंने पुलिस को गुमराह करने दोनो मृतकों द्वारा खुद से फांसी लगा लेने की झूठी कहानी की तैयारी भी की थी पर पंचनामा पीएम दौरान ही पुलिस को हत्या का शक हो गया था। प्रकरण हत्या और साक्ष्य छुपाने का अपराध दर्ज कर दोनो आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर गवाहों के समक्ष क्राइम सीन का रिकंस्ट्रक्शन भी कराया गया और मेमोरेंडम दर्ज कर फिजिकल एविडेंस भी बरामद किये गये हैं। आरोपियों को लैलूंगा थाना पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।इस प्रकरण को सुलझाने में निरीक्षक राजेश जांगड़े, निरीक्षक शरद चंद्रा, सीन ऑफ क्राइम यूनिट इंचार्ज शत्रुघ्न सिंह श्याम तथा थाना लैलूंगा , साइबर सेल और चौकी रैरूमा के कर्मचारियों की सराहनीय योगदान रहा।